रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के स्वागत की आड़ में जमशेदपुर शहर को शाहीन बाग की तरह होस्टेज रखने के घटना की कड़ी निंदा की है. प्रतुल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के समर्थकों ने लगभग 4 घंटे तक पूरे जमशेदपुर शहर की यातायात व्यवस्था को ठप रखा. 5 एंबुलेंस जाम में फंस गए. 2 मरीजों की इलाज के अभाव में मृत्यु हो गई.
इस अत्यंत ही दुखद और हृदय विदारक मौतों के लिए सीधे तौर पर स्वास्थ्य मंत्री जिम्मेवार है. हद्द तो तब हो गई जब एंबुलेंस जाम में फंसे थे और उनके ड्राइवर स्वास्थ्य मंत्री के समर्थकों से जाने देने की मिन्नतें कर रहे थे. उसी समय स्वास्थ्य मंत्री सड़क पर अपने आप को लड्डुओं से वजन करवा रहे थे. गठबंधन सरकार में अराजकता चरम पर है. जब स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत में पूरा शहर जाम किया जाए और 2 मरीजों का इलाज के अभाव में मृत्यु हो जाए तो यह समझा जा सकता है कि राज्य किस ओर जा रहा है. प्रतुल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से स्वास्थ्य मंत्री पर अविलंब कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा की जाम लगाने के लिए दोषी लोगों पर दफा 302 के अंतर्गत मुकदमा दायर किया जाए.

