बरकट्ठा: प्रखंड क्षेत्र के सूर्यकुंड समीप नावाडीह गांव में रविवार को डिग्री कॉलेज का शिलान्यास किया गया. जहां विधायक सह झारखंड आवास बोर्ड अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव एवं जिप उपाध्यक्षा चंदन देवी ने संयुक्त रूप से पूजा अर्चना व नारियल फोड़कर विधिवत रूप से कॉलेज भवन निर्माण की आधारशिला रखी.
भवन निर्माण सौरभ जैन कंस्ट्रक्शन द्वारा 17 करोड़ की लागत से किया जाएगा. विधायक ने कहा कि डिग्री कॉलेज का निर्माण होने से बरकट्ठा विधानसभा के छात्र-छात्राओं के अलावे अन्य लोगों को भी काफी लाभ पहुंचेगा. बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. गरीब तबके के लोग आर्थिक तंगी के अभाव में शहरों में अपने बच्चों को नहीं भेज पाते थे, लेकिन राज्य सरकार ने बरकट्ठा में डिग्री कॉलेज खोलने की स्वीकृति देकर क्षेत्र के लोगों को तोहफा दिया है.
डिग्री कॉलेज बनने से सम्पूर्ण प्रखंड क्षेत्र में खुशहाली है. विधायक ने कहा कि शिक्षा से ही विकास संभव है. अब क्षेत्र की बेटियां उच्च शिक्षा से महरूम नही रहेंगी. उन्होंने संवेदक से भवन की गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा है.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजकुमार नायक, मुखिया नरेंद्र सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अर्जुन राणा, भाजपा नेता नंदलाल मंडल, रवि गोस्वामी, बीरेंद्र यादव, मनोहर चौधरी, नईम अंसारी, गणेश साव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे.

