रांची: हिंदपीढ़ी में कोरोना का दूसरा केस मिलने के बाद पुलिस- प्रशासन के अंदर हड़कम्प मचा हुआ है. हिंदपीढ़ी को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है, किसी को भी घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है. मंगलवार को मेडिकल टीम के द्वारा वहां के लोगों की स्क्रीनिंग की गई. नाला रोड के 23 गली में लगभग 1500 लोगों की स्क्रीनिंग की गई. वहीं, एडीएम लॉ एंड आर्डर अखलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि हिंदपीढ़ी पूरी तरह से लॉकडाउन है. पुलिस- प्रशासन लगातार नज़र रखे हुए है. स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार गश्त कर रही है.
Also Read This: जानें 7 अप्रैल को क्यों मनाते है विश्व स्वास्थ्य दिवस
डॉ एके वैद्य के यहां भर्ती मरीजों की भी होगी जांच
करमटोली स्थित डॉ एके वैद्य के क्लिनिक में भर्ती मरीजों की भी कोरोना की जांच करायी जाएगी. इसकी जानकारी रांची सिविल सर्जन डॉ वीबी प्रसाद ने दी. उन्होंने बताया कि उक्त क्लिनिक में जितने भी मरीज भर्ती हैं उनकी सूची ले ली गई है. सूची के अनुसार मरीजों की जांच की जाएगी. कल जिस 54 वर्षीय महिला का कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आया है, उस महिला का इलाज डॉ एके वैद्य खुद कर रहे हैं. चार दिन पहले डायलिसिस भी हो चुका है.
नेफ्रो से सम्बंधित जांच पर रोक
रांची के अस्पतालों में नेफ्रो से सम्बंधित जांच पर रोक लगा दी गई है. इस बारे में पूछने पर डीसी राय महिमापत रे ने बताया कि फिलहाल इसपर रोक लगाई गई है. वहीं, उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि रांची के अस्पतालों में डायलिसिस बन्द नहीं कि जाएगी, ऐसा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
Also Read This: इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान
पुलिस की गश्त लगातार जारी
हिंदपीढ़ी से दूसरा कोरोना का मामला सामने आने के बाद पूरे महकमे में हड़कम्प मच गया था. प्रशासन ने हिंदपीढ़ी को तत्काल लॉक डाउन कर दिया. उक्त महिला को तत्काल रिम्स ले जाया गया. पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को घर से नहीं निकलने का आग्रह कर रहीं है.
तीन दिन पूर्व ही हुई थी जांच
हिन्दपीढ़ी की कोरोना पीड़ित महिला किडनी रोग से भी ग्रसित है. उनका डायलिसिस बरियातु रोड स्थित वैद्य नर्सिंग में किया जा रहा था. वहां ही उनमें कोरोना के लक्षण दिखायी पड़े थे जिसके बाद वहां के चिकित्सक डाॅ अशोक वैद्य के कहने पर ही उक्त महिला का कोरोना परीक्षण के लिए दो दिन पूर्व ही सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को पाॅजिटिव के रुप में आयी है. डायलिसिस के दौरान वह अपने हिन्दपीढ़ी स्थित आवास पर ही सात सदस्यों के साथ रह रही थी.
परिवार के अन्य सात सदस्यों को किया गया क्वारेंटाइन
हिंदपीढ़ी की कोरोना पीड़ित महिला अपने आवास में परिवार के सात अन्य सदस्यों के साथ रह रही थी जिसके कारण परिवार के सभी सदस्यों को प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन किया गया है. इन परिवार के सदस्यों में उनके पति, तीन बेटा, एक बहू व दो पोते शामिल हैं. इन सातों लोगों को खेलगांव में क्वारंटाइन किया गया है.
एसडीओ, एडीएम सहित कई अधिकारी पहुंचे हिंदपीढ़ी
हिंदपीढ़ी के दूसरे मामले के पाॅजिटिव होने की सूचना के बाद जिला प्रशासन की सक्रियता और बढ़ गई है. पूरी मेडिकल टीम के साथ स्वयं एसडीओ लोकेश मिश्रा, एडीएम अखलेश कुमार सिन्हा, रांची सदर सीओ प्रकाश कुमार, सीटी एसपी, सदर डीएसपी सहित अन्य कई प्रशासनीक व पुलिस अधिकारी हिंदपीढ़ी पहुंचे हुए हैं.

