रांची: बिहार में विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव से पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के जेल से बीजेपी विधायक को फोन करने और इसका कथित ऑडियो वायरल होने का मामला थमता नहीं दिख रहा है. इस मामले को लेकर बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने 24 नवंबर की रात में ट्वीट किया था, जिससे बिहार की राजनीति गर्मा गई थी.
इसी ट्वीट के बाद से लालू प्रसाद का सेवक इरफान अंसारी अपने बेटे के साथ अंडरग्राउंड हो गया था. अब दोनों का मोबाइल भी नेटवर्क एरिया के पहुंच से बाहर बता रहा है. 24 नवंबर की रात से किसी ने उन्हें देखा नहीं है.
खुद को ‘सन ऑफ लालू प्रसाद’ कहने वाले इरफान अंसारी की पिछले दो दिनों से किसी को कोई जानकारी नहीं है. दोनों के मोबाइल नंबर नॉट रिचेबल बता रहे हैं. सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में जिस फोन नंबर का जिक्र किया और जिस पर लालू प्रसाद और बिहार भाजपा विधायक ललन पासवान का कथित रूप से बातचीत हुई, वह नंबर सेवक इरफान अंसारी का ही था. इस बात की जानकारी सार्वजनिक होने के साथ ही इरफान अंसारी अंडरग्राउंड हो गए हैं.

