दिल्ली: भारत के पूर्व महान ऑलराउंडर कपिल देव का आज जन्मदिन है. उनका जन्म आज ही के दिन यानी 6 जनवरी, 1959 को चंडीगढ़ में हुआ था. भारत की पहली विश्व चैम्पियन टीम के कप्तान कपिल देव ने अपने खेले के दम पर विश्व क्रिकेट में अपनी विशेष पहचान बनाई है.
मौजूदा समय में क्रिकेट एक्सपर्ट की भूमिका निभा रहे कपिल देव ने अपने टेस्ट करियर 131 मैचों में 434 विकेट लिए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 83 रन पर नौ विकेट रहा है. उन्होंने यह प्रदर्शन साल 1983 में अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था. साल 1983 के विश्व कप को कोई भी भारतीय भूलना नहीं चाहेगा.
कपिल की कप्तानी में भारतीय टीम ये विश्व कप जीतने में सफल रही थी. इस टूर्नामेंट में कपिल देव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रन की विशाल पारी खेली थी. इस पारी के लिए उन्होंने केवल 138 गेंदें खेली थीं. कपिल देव ने इस विश्व कप के 8 मैचों में 303 रन बनाने के साथ ही 12 विकेट भी चटकाए थे. कपिल ने वनडे के 225 मैचों में 253 विकेट झटके हैं.

