रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें व अंतिम चरण में झाविमो ने संथाल की जनता का समर्थन झाविमो के पक्ष होने का दावा किया है. झाविमो नेता व केंद्रीय मीडिया कोषांग के सदस्य जितेंद्र वर्मा ने कहा कि पांचवे व अंतिम चरण में संथाल परगना क्षेत्र के 16 सीटों पर होने वाले चुनाव में संथाल की जनता बाबूलाल मरांडी एवं झाविमो के साथ है.
उन्होंने कहा कि भाजपा एवं झामुमो दोनों दलों के शासन व्यवस्था में संथाल की जनता को छला गया है. भाजपा-झामुमो से राज्य की जनता का भला नहीं हो सकता. संथाल को जागीर समझने वाले सोरेन परिवार एवं झामुमो ने संथाल के नाम पर सिर्फ राजनीति चमकाई एवं आदिवासियों का शोषण किया है.
सत्ता लोलुप्ता में भाजपा के साथ 28-28 महीनों का समझौता करने वाली पार्टी झामुमो सत्ता स्वार्थ के लिए फिर भाजपा के साथ मिल सकती है.
वर्मा ने कहा कि झारखंड की सत्ता में सबसे ज्यादा दिनों तक रहने वाली भाजपा-झामुमो ने बारी-बारी से झारखंड को लूटा है. दोनों दलों ने सरकार में रहते हुए यहां के आदिवासियों-मूलवासियों के खिलाफ कार्य किया. बाहरी लोगों के अनुकूल स्थानीय नीति परिभाषित करने में दोनों दलों का बराबर का योगदान रहा है.
राज्य की जनता ने दोनों दलों की सरकार को देखा है. अब राज्य की जनता झाविमो को देखना चाहती है. इस बार संथाल की जनता ने भाजपा-झामुमो दोनों को सबख सिखा देगी. चाहे सीएनटी-एसपीटी में छेड़-छाड़ हो या स्थानीय नीति हर मुद्दों पर झाविमो सड़क पर उतर कर लड़ाई लड़ी है. झामुमो सत्ता में रहते हुए संथाल के आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया.
उन्होंने कहा कि 20 दिसम्बर को संथाल की जनता दोनों दलों का सूपड़ा साफ कर देगी. पूरे संथाल में इसबार झाविमो का झंडा लहराएगा.