रांची: दुमका में एक आदिवासी महिला के साथ 17 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आज राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थिति बापू वाटिका के समक्ष धरना दिया.
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित इस धरना प्रदर्शन में विधायक सीपी सिंह भी शामिल हुए. उपराजधानी दुमका के सिद्धो-कान्हू प्रतिमा के समक्ष भी भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की ओर से धरना दिया गया.
इस धरना प्रदर्शन में पार्टी सांसद सुनील सोरेन भी शामिल हुए. बाद में पार्टी की ओर से राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन सौंप दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
राज्यपाल को सौंपे गये ज्ञापन में बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से यह जानकारी दी गयी गयी है कि हेमंत सोरेन सरकार गठन के बाद अब तक 1300 से अधिक बलात्कार की घटनाएं घट चुकी है. संतालपरगना सहित दुमका में भी बारम्बार ऐसी घटनाओं की पुनरावृति हो रही है.
स्थानीय विधायक को सरकारी तंत्र पर भरोसा नहीं है,ऐसी घटनाओं में सामाजिक दंड की बात वो पहले ही कर चुके है, वैसे कल की घटना पर उनका किसी प्रकार का कोई वक्तव्य अभी तक नहीं आयी है. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऐसी घटनाओं के लिए कोरोना को पहले ही जिम्मेवार ठहरा चुके है.
बीजेपी की ओर से राज्यपाल से यह मांग की गयी है कि राज्य में घटित ऐसी घटनाओं के लिए दोषियों को चिह्नित कर शीघ्र कठोर दंड दिलाने का निर्देश दे. साथ ही पीड़िता को सुरक्षा दिलाने की भी मांग की गयी.

