रांची: झारखंड में कोरोना तेजी से कहर बरपाने लगा है. पिछले दो दिनों में रांची सहित विभिन्ऩ जिलों में 36 मरीज पाये गये. अब तक 103 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग के इस आंकड़े पर गौर करें तो राज्य में कोरोना के औसतन 4 नये मरीज मिल रहे हैं.
सबसे अधिक मामले रांची के
सबसे अधिक मामले रांची के मिले हैं. रांची में मरीजों की संख्या 75 हो गई है. जिले का हॉटस्पॉट हिंदपीढ़ी है. मरीजों के मिलने की शुरुआत यहीं से हुई थी. इस इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है. हालात की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सीआरपीएफ की पोस्टिंग करने का निर्णय भी लिया गया है.
रोजाना आ रहे है मामले
राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीज के मिलने के बाद शुरुआती दौर में कुछ गैप रहता था. एक-दो दिनों के अंतराल में मरीज पाये जा रहे थे. अब यह गैप भी मिट गया है. अब लगभग हर दिन नये मरीज मिल रहे हैं. बीते एक पखवाड़ा में महज एक दिन मरीज नहीं मिले.
हॉटस्पॉट से पहला मामला
राज्य में पहला कोरोना पॉजिटिव मामला रांची के हॉट स्पॉट हिंदपीढ़ी से मिला था. यहां से करीब दो दर्जन विदेशियों को पकड़ा गया था. उन्हें क्वारंटाइन कर सैंपल जांच के लिए भेजी गई थी. पकड़े गये विदेशियों में एक महिला पॉजिटिव पाई गई थी. अब वह महिला ठीक हो चुकी है.
इस तरह बढ़ता गया मामला
- 31 मार्च : रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से 22 वर्षीय मलेशियाई महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई. वह तबलीग जमात से जुड़ी थी.
- 02 अप्रैल : हजारीबाग के विष्णुगढ़ का रहने वाला युवक मिला कोरोना पॉजिटिव.
- 05 अप्रैल : बोकारो की महिला में कोरोना की पुष्टि हुई. वह बंग्लादेश से लौटी थी. वह तबलीग जमात से जुड़ी हुई थी.
- 06 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से एक 54 वर्षीय महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई. वह डायलिसिस की मरीज थी.
- 08 अप्रैल : हिंदपीढ़ी के 5, बोकारो के चंद्रपुरा में 3 और गोमिया में 1 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाये गये थे. जिसमें गोमिया के मरीज की मौत हो गई है. इस दिन कुल 9 मरीज की पुष्टि हुई थी.
- 09 अप्रैल : बोकारो के चंद्रपुरा के एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई.
- 11 अप्रैल : हिंदपीढ़ी, हजारीबाग और कोडरमा से 1-1 मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई. इस दिन कुल 3 मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई थी.
- 12 अप्रैल : बोकारो के गोमिया के साड़म में दो कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई.
- 13 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से 3, बोकारो तथा गिरिडीह से 1-1 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले. इस दिन कुल 5 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई.
- 14 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से 2 और सिमडेगा से एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई. इस दिन कुल 3 मरीज सामने आये.
- 15 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से एक मरीज पॉजिटिव पाया गया.
- 16 अप्रैल : धनबाद के कुमारधुबी का एक मरीज कोरोना पॉजिटिव पाया गया.
- 17 अप्रैल : रांची के हॉटस्पॉट हिंदपीढ़ी से 3 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई.
- 18 अप्रैल : रांची के हॉटस्पॉट हिंदपीढ़ी से 1, धनबाद के हीरापुर से 1 मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई. वहीं रांची के बरियातू में रहने वाले रिटायर्ड डीडीसी में कोरोना की पुष्टि हुई, मगर उनकी रिपोर्ट गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में पॉजिटिव आयी.
- 19 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से 5, बेड़ो से 1 और सिमडेगा से 1 मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई.
- 20 अप्रैल : हिंदपीढ़ी से 1, बोकारो से 1 और हजारीबाग से 1 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई.
- 22 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी के 3 और गढ़वा से 1 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई.
- 23 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से 7 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई.
- 24 अप्रैल : देवघर से 1 कोरोना मरीज की पुष्टि हुई.
- 25th अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी से 4, कांटाटोली से 1 और पलामू के लेस्लीगंज से 3 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई.
- 26 अप्रैल : झारखंड में कुल 16 मरीजों की पुष्टि हुई है. इनमें सदर अस्पताल की 5 नर्सें, हिंदपीढ़ी से 6, हरमू के इमली चौक से 1, पंजाबी भवन में क्वारंटाइन हो रहा निवासी एक युवक, गढ़वा से 2 लोग और जामताड़ा से 1 मरीज शामिल हैं.
- 27 अप्रैल : झारखंड में 20 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि. इसमें कडरू से 1, डोरंडा से 1, कांके से 1, रिम्स वार्ड से 1, रेलवे स्टेरशन से 1, हिंदपीढ़ी थाना के एएसआई समेत हिंदपीढ़ी से 4, लेक रोड से 1, इटकी से 3 और बेड़ो से 2 मरीज की भी पुष्टि हुई.

