रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: जिले के रीगा थाना क्षेत्र के सिराही गांव में आम तोड़ने से मना करने पर एक महिला को गांव के कुछ दबंगों ने मारपीट करने के बाद चाकू गोदकर बुरी तरह जख्मी कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक, सिराही गांव के निवासी स्व. संतलाल राय की पत्नी पार्वती देवी अपने आम के बगीचे में खड़ी थी. इस दौरान गांव के कुछ दबंग वहां पहुंच गए एवं आम तोड़ने लगे. इस पर पार्वती ने आम तोड़ने से मना किया, इससे नाराज लोगों ने पार्वती देवी को पीटना शुरू कर दिया एवं चाकू मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया.
इस दौरान पार्वती देवी को बचाने पहुंचे पुत्र सुरेंद्र राय एवं पौत्र रामाशंकर राय को भी बुरी तरह पीटा गया. स्थानीय लोगों ने जख्मी पार्वती देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
जख्मी पार्वती देवी ने रीगा थाने में आवेदन देकर सिराही गांव के ही दो लोगों को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने की गुहार लगाई है.
पुलिस को दिए अपने आवेदन में पार्वती ने बताया कि पूर्व में उनके पति संतलाल राय की भी इन दबंगों ने आंख में तेजाब डालकर अंधा कर दिया था. उनके पति की मौत एक वर्ष पूर्व हो गई. यह विवाद अभी तक न्यायालय में चल रहा है.

