रांची: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस क प्रदेशे प्रभारी आर.पी.एन सिंह, सह प्रभारी उमंग सिंघार ने संयुक्त रूप से पलामू प्रमण्डल के भवनाथपुर एवं डालटेनगंज में चुनाव प्रचार किया.
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कितने उद्योग लगे, कितनों को रोजगार मिले, सिंचाई की कितनी व्यवस्था हुई, गरीबों का भला हुआ कि नहीं, सबका हिसाब लेने का वक्त आ गया है. पांच साल में इसी लिए चुनाव होते हैं. पांच साल में क्या किया इसका समीक्षा करने का वक्त है. परिवर्तन कीजिए किसके लिए-किसानों के लिए, रोजगार के अवसर हासिल करने के लिए, महिलाओं के सम्मान के लिए, गरीबों के उत्थान के लिए ताकि उनको 35 किलो अनाज मिल सके.
बुजुर्गो के लिए ताकि उनकों पेंशन मिल सके, जल-जंगल-जमीन की रक्षा हो सके. परिवर्तन झारखण्ड के लिए होना चाहिए. सत्ता के लिए नहीं. प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग राज्य के विकास के लिए, लूटने के लिए नहीं, घर-घर रघुवर दास जब नहीं चला तब नारा बदल गया भाजपा फिर दुबारा.
महाराष्ट्र की जनता के साथ भाजपा ने विश्वासघात किया, महाराष्ट्र में परिवर्तन हो चुकी है. झारखंड में भी परिवर्तन होगा. हमारे उम्मीदवार को आशीर्वाद दीजिए, मैं जानता हूं कि आपलोगों ने मन बना लिया है कि पलामू प्रमण्डल के सभी गठबंधन के उम्मीदवार को विजयी बनायेंगे.
आर.पी.एन सिंह ने कहा कि भूख से लोग जान दे देते हैं, किसान आत्म हत्या करते हैं, युवाओं की लम्बी फौज खड़ी है. भ्रष्टाचार की बात होती है, ऐसी सरकार जिसने हजारों-करोड़ की घोटाला किये हुए हैं, जनता की कोई परवाह नहीं की हैं. घमंड की राजनीति की है, जनता के सपनों को चकनाचुर किया है. ऐसे सरकार और मुख्यमंत्री को दोबारा शासन में आने का कोई अधिकारी नहीं है. पलामू प्रमंडल की जनता सिंचाई के अभाव में और बिजली की कमी को लेकर पिछले 18 वर्षों से संघर्ष कर रही है. हमारी सरकार झारखंड में आतें ही पलामू के लोगों के लिए सिंचाई और निर्बाध बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी.

