रांची: सीएए विरोधियों द्वारा आज के भारत बंद आह्वान पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि यह भारत की संसदीय व्यवस्था का अपमान है. ऐसे लोग कांग्रेस पार्टी के इशारे पर खेल रहे हैं. यह बात सभी को मालूम है कि यह कानून नागरिकता लेने का नहीं बल्कि नागरिकता देने का कानून है.
गिलुवा ने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के लिये संकल्पित है, पर कांग्रेस पार्टी ने केवल वोट बैंक की राजनीति को बढ़ावा दिया. जात पात और संप्रदाय के आधार पर तुष्टिकरण कांग्रेस के डीएनए में शामिल है.
बंद को विफल बताते हुए प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी ने कहा कि बंद टांय-टांय फिस्स रहा. राज्य की सीएए की सच्चाई से पूर्णतः वाकिफ है. यह कानून राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के गैर मुस्लिम, हिन्दू, सिख, बौद्ध, ईसाई, पारसी, जैन धर्मावलंबियों के,लिये देखा था.
मोदी सरकार ने धार्मिक रूप से प्रताड़ित गैर मुस्लिमों के लिए कानून बनाकर संविधान के अनुरूप कार्य किया है. इस कानून में कहीं से भी भारतीय मुसलमानों के लिये दोहरा माप दंड नहीं है.
प्रकाश ने प्रदेश की जनता को बंद को विफल बनाने के लिये धन्यवाद किया.

