रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त दुमका को मसलिया प्रखंड स्थित जोजोटोला निवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. साथ ही स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री से मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया है.
24 घंटे के अंदर अनुपालन होगा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उपायुक्त दुमका ने मुख्यमंत्री को बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई हेतु पेयजल विभाग के अभियंता और प्रखंड विकास पदाधिकारी को मसलिया जाकर स्थिति का जायजा लेने कहा गया है. 24 घंटे के अंदर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा.
नदी का पानी पीने की विवशता
मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि दुमका के मसलिया प्रखंड स्थित जोजोटोला के गरीब आदिवासी नदी का गंदा पानी पीने को मजबूर है. मुख्यमंत्री से गांव के लोगों को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया.
राशन व सरकारी योजनाओं से आच्छादित करें
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त गिरिडीह को बिरनी प्रखंड स्थित बराय गांव के स्वर्गीय जीवलाल मंडल के परिजनों को राशन के साथ-साथ जरूरी सभी सरकारी योजनाओं से जोड़ कर मदद पहुंचाते हुए सूचित करने का निर्देश दिया है.
राशन कार्ड के लिए भटक रहें हैं
मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि पारा शिक्षक जीवलाल मंडल की एक वर्ष पूर्व इलाज के आभाव में मृत्यु हो गई. इलाज के लिए उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. आज जीवलाल मंडल का परिवार राशन की किल्लत का सामना कर रहें हैं. राशन कार्ड के लिए परिजन विगत आठ माह से दर दर भटक रहे हैं, लेकिन राशन कार्ड नहीं बना.

