रांचीः राज्यभर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे मुलाकातियों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक-एक कर मिले और उनकी समस्याओं को सुना. मुलाकात करने पहुंचे लोगों में युवक-युवतियां, महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे सहित सभी वर्ग के लोग शामिल थे. पलामू डाल्टनगंज से पहुंचे दिव्यांग दंपति संतोष कुमार एवं उनकी पूनम देवी व उनके बच्चे भी मुख्यमंत्री से मिले और अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने मुलाकातियों को उनकी समस्याओं का जल्द निपटारा किये जाने का भरोसा दिया.
समस्याओं का तत्काल समाधान करने का निर्देश
कई सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी मुख्यमंत्री को प्रतिवेदन दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सम्बंधित अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समाधान तत्काल करने का निर्देश दिया. मुलाकात करने पहुंचे लोगों से कहा कि यह जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाली सरकार है. राज्य की सवा तीन करोड़ जनता का हित, खुशहाली और उन्नति ही सरकार की प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का लक्ष्य है.

