नई दिल्ली: जिले में ठंड का कहर जारी है. बुधवार को फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री गिरकर 4.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है. वहीं, अधिकतम तापमान में .1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
आपको बता दें कि इस बार दिल्ली में शीतलहर 14 दिसंबर से शुरू हुई थी, तब से लगातार इसका कहर जारी है. इससे पहले दिसंबर 1997 में ही इतनी लंबी शीतलहर चली थी. तब पूरे माह के दौरान 17 दिन शीतलहर के रहे थे. बुधवार देर रात 9 बजे भी कुछ ऐसी ही धुंध का कहर दिखने को मिला.
रात 11 बजे तक पूरा शहर कोहरे की सफेद चादर से ढक गया था. आज सुबह तक यही नजारा रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कारों और अन्य गाड़ियों के चालकों के लिए सड़क पर सामने देख पाना मुश्किल हो गया था. दोपहिया वाहन चालक ठंड से ठिठुरते देखे गए.
शहर के अलावा हाईवे पर इसका असर अधिक देखा गया. मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार 26 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील और खुश्क रहेगा.
इस दौरान हल्की गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के साथ-साथ सुबह के समय धुंध छाने की भी संभावना है.

