रांची: झारखंड में तेजी से बनते-बिगड़ते राजनीतिक समीकरण के बीच गुरुवार देर रात को नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से झारखंड विकास मोर्चा विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने मुलाकात की. बंधु तिर्की को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण दो दिन पहले ही झारखंड विकास मोर्चा से निष्कासित किया जा चुका है जबकि प्रदीप यादव झारखंड विकास मोर्चा विधायक दल के नेता थे.
विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की नई दिल्ली में कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे. दोनों विधायको ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है.
प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने सार्वजनिक रूप से झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय का विरोध किया है और इसी विरोध की वजह से बंधु तिर्की को संगठन से निष्कासित कर दिया गया है, वहीं प्रदीप यादव पर भी अनुशासनहीनता को लेकर कार्रवाई की संभावना व्यक्त की जा रही है.