रांची: देश के विभिन्न प्रान्तों से हज़ारों की तादाद में झारखण्ड के श्रमिक एवं छात्रगणों ने प्रदेश कांग्रेस कमिटी से संपर्क स्थापित कर अपने घर वापसी के लिए इच्छा जाहिर की है. इन सभी लोगों ने अपने व्यक्तिगत आवश्यक ब्यौरे के साथ सूचनाएं प्रदेश कांग्रेस कमिटी द्वारा गठित हेल्पलाइन डेस्क को भेजा है.
इस संबंध में 12 हजार 5 सौ 47 प्रवासी कामगारों की सूची प्रदेश कांग्रेस कमिटी के एक शिष्टमंडल द्वारा आज राज्य के मुख्य सचिव को सौंपी गई. हेल्पलाइन डेस्क के इंचार्ज सह प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा ने पूरी सूची मुख्य सचिव को सौंपकर उन्हें बताया कि जिनलोगों ने आवेदन किया है, वे देश के 24 विभिन्न राज्यों में लॉकडाउन के कारण फंसे हुए हैं. उनकी सुरक्षित झारखण्ड वापसी के लिए प्रदेश कांग्रेस कमिटी कार्यरत है.
प्रदेश कांग्रेस की पूरी कोशिश है कि लाखों की तादाद में फंसे झारखण्ड वासियों को जल्द से जल्द वापस बुलाया जाए.
मानस सिन्हा ने यह भी बताया कि जिन प्रवासी झारखण्ड वासियों ने प्रदेश कांग्रेस को अपना ब्यौरा भेजा है उन्हें सकुशल ट्रेन द्वारा पहुंचाने का खर्च वहन प्रदेश की संवेदनशील महागठबंधन सरकार के द्वारा किया जा रहा है. शेष किसी तरह की कोई परेशानी होगी तो उसके लिए प्रदेश कांग्रेस तत्पर है. राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने इस संबंध में आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया है. मानस सिन्हा ने आगे प्राप्त होने वाला डाटा समय समय पर सरकार को उपलब्ध कराने की बात कही.
शिष्टमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा , संगठन प्रभारी रविन्द्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद , प्रो०वी०पी शरण , सतीश पॉल मुंजिनी एवं अमूल्य नीरज खलखो शामिल थे .
इस मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि आज झारखण्ड में हर जिले में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मुश्किल की इस घड़ी में गरीब जरूरतमंदों की मदद में लगे हुए हैं जो प्रत्येक दिन सामुदायिक किचन के माध्यम से भोजन करवा रहे हैं. साथ में सूखा राशन भी बांटने का काम कर रहे हैं.

