जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में महागठबंधन ने प्रचंड जीत दर्ज की है. सबसे बड़ी बात ये है कि सत्ताधारी दल भाजपा का कोल्हान से सूपड़ा साफ हो गया है. वैसे भाजपा को सत्ता से दूर अगर किसी विधानसभा ने किया तो वो है जमशेदपुर पश्चिम, न भाजपा यहां से सिटिंग विधायक मंत्री सरयू राय का टिकट काटती, न सरयू राय बागी होते न मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ते न मुख्यमंत्री को हार का मुंह देखना पड़ता. खैर ये सब अब इतिहास के पन्ने में दर्ज हो गया. मगर जमशेदपुर पश्चिम सीट बीजेपी और मुख्यमंत्री को हमेशा चुभती रहेगी.
बहरहाल जमशेदपुर पश्चिम सीट से कांग्रेस ने परचम लहराया और बन्ना गुप्ता ने करीब 22582 मतों से भाजपा के देवेन्द्र को हराकर बड़ी जीत दर्ज की. वहीं बन्ना की जीत के बाद जमशेदपुर के कांग्रेसियों में जान आ गई और जमशेदपुर के कांग्रेसी पूरे लय में नजर आ रहे हैं. जमशेदपुर पश्चिम सीट पर कांग्रेस के बन्ना गुप्ता के जीत का जश्न कदमा और सोनारी के साथ मानगो में देखा जा रहा है.
वरिष्ठ कांग्रेसी बलदेव सिंह ने कहा कि अहंकारी शासन का राज्य में अंत हो गया अब केंद्र की बारी है. उन्होंने भाजपा और रघुवर दास पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा, कि इनकी तानाशाही के कारण राज्य में भय का माहौल था. उन्होंने महागठबंधन की बननेवाली सरकार को आम लोगों की सरकार बताया और कहा अब राज्य में खुशहाली आएगी.इस दौरान बलदेव सिंह, सुरेश मुखी के अलावा को सैंकड़ो कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे.