रांची: झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में निरंतर बढ़ोत्तरी हुई है. शनिवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में 59 कोरोना संक्रमित नये मरीजों की पुष्टि हुई. इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर 2024 हो गयी है.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात 9.00 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में जहां 59 नये मरीज मिले, वहीं विभिन्न जिलों के 69 कोरोना संक्रमित मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
झारखंड में अब कोरोना संक्रमित एक्टिव मरीजों की संख्या सिर्फ 609 रह गयी है, जबकि 1404 मरीज स्वस्थ होकर घर वापस लौट चुके है. वहीं कोरोना संक्रमित मृतकों की संख्या 11 है. शनिवार को राज्य के विभिन्न लैब में 2164 लोगों के सैंपल की जांच की गयी. राज्य में अब तक एक लाख 19 हजार 746 सैंपल की जांच रिपोर्ट आ चुकी है.
राज्य में आज सबसे अधिक 23 संक्रमित मरीज पूर्वी सिंहभूम जिले से मिले, जबकि सिमडेगा से भी 17 नये संक्रमितों की पुष्टि हुई. इसके अलावा कोडरमा में 5, पश्चिमी सिंहभूम 2, रांची, रामगढ़ और गढ़वा में 2-2, गिरिडीह में चार, गुमला व हजारीबाग में एक-एक नये मरीजों की पहचान हुई.
दूसरी तरफ आज रामगढ़ जिले के 19 संक्रमित मरीजों को अस्पताल से छुट्टी गयी, जबकि सिमडेगा के 10, पश्चिमी सिंहभूम के 3, रांची के 3, लातेहार के 2, खूंटी के 6, जामताड़ा के 8, हजारीबाग के 7, पूर्वी सिंहभूम जिले के 9 और चतरा जिले के 2 कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के बाद स्वस्थ हो जाने पर आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
झारखंड में कोरोना संक्रमण से मृत्यु 0.52 प्रतिशत है, वहीं रिकवरी रेट 60.73 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से करीब 8 फीसदी बेहतर है.

