रांची: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि राज्य के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि कोरोना वैक्सिनेशन में भारत सरकार और आईसीएमआर की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा. इसे लेकर राज्य में सभी जिला उपायुक्त को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि झारखंड में एनएचएम मानव संसाधन को वैक्सिनेशन के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, वैक्सिनेशन के लिए कई दौर से गुजरना होगा. वैक्सीन के रख रखाव के लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है.
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया है कि वैक्सिनेशन को लेकर चार सेगमेंट बनाया गया है, पहले चरण में कोरोना योद्धा, जिसमें मेडिकल से जुड़े लोगों को वैक्सीन दी जाएगी, दूसरे चरण में पुलिस प्रशासन रहेंगे, जबकि तीसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को रखा गया है और चौथे चरण में वैसे लोग जो कई तरह के रोग से ग्रसित है उन्हें वैक्सीन दी जाएगी.
बन्ना गुप्ता ने कहा कि वैक्सीन को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार सामान्य रूप से तत्परता के साथ काम करेगी, क्योंकि झारखंड में रिकवरी रेट 98प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर काफी कम है. उन्होंने कहा कि झारखंड को कोरोना मुक्त बनाना है. बन्ना गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार अगर वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराएगी तो अच्छी बात है, लेकिन परिस्थिति विपरीत होती है तो वैसे हालात में झारखंड की जान माल कि सुरक्षा राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, खजाना खाली है, लेकिन मुख्यमंत्री इस पर निर्णय लेंगे.
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि झारखंड में कई जिला अभी भी रेड जोन, ऑरेंज जोन और ग्रीन जोन में हैं, जिन्हें चिन्हित किया गया है, उसी अनुरूप काम किया जाएगा. उन्होने कहा कि हम आशावादी हैं, हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं, पूर्ववर्ती सरकार की तरह तानाशाह नहीं हैं, हमारी सरकार पोस्टरबाजी में विश्वास नहीं करती है, हम जो भी करेंगे धरातल पर करेंगे.

