रांची:- रांची सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उपायुक्त छवि रंजन ने आज को अस्पताल के सीनियर डॉक्टर्स के साथ बैठक की. सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त विशाल सागर और अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर उत्कर्ष गुप्ता के साथ सदर अस्पताल के वरीय चिकित्सक उपस्थित थे.
सिविल सर्जन वीबी प्रसाद के अस्पताल में इलाजरत रहने की स्थिति में उपायुक्त ने सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सीनियर डॉक्टर्स को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. सदर अस्पताल में सामान्य स्वास्थ्य सुविधा और कोविड-19 को लेकर की गई व्यवस्था के मद्देनजर आवश्यक सुविधाओं को लेकर उपायुक्त ने वरीय चिकित्सकों के साथ विचार विमर्श करते हुए बेहतर व्यवस्था हेतु दिशा निर्देश दिए. बैठक के दौरान लॉजिस्टिक्स डॉक्टर और एएनएम के इश्यू पर विचार विमर्श किया गया.
उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल के सीनियर डॉक्टर के पास काफी एक्सपीरियंस है, हमारा प्रयास है कि 1 से 2 दिनों में व्यवस्था को और बेहतर किया जाए. उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन की अनुपस्थिति में डॉक्टर विनोद सारी व्यवस्था देख रहे हैं, साथ ही सदर अस्पताल कोविड का नोडल ऑफिसर डॉ पंकज सिन्हा को बनाया गया है जो कोरोना संक्रमित मरीज के लिए अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगे.
