धनबाद:- उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने आज संध्या अपने आवासीय कार्यालय से ई-समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की ऑनलाइन समीक्षा की. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी विभाग के कार्यालय प्रधान को प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि आम जनों की शिकायतों का पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-समाधान पोर्टल को विकसित किया गया है. इस दौरान उन्होंने कृषि, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, पेयजल, बिजली सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की. ऑनलाइन समीक्षा में उपायुक्त ने अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, डीएमएफटी के नोडल पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी दीपमाला, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए.