रांची: काम करिये पर वेतन मत लीजिए. यह हाल है रांची जिले के स्वास्थ्य विभाग का. सारे कर्मचारी और चिकित्सक कोरोना काल में काम कर रहे हैं. लेकिन, उन्हें अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है.
प्रखंड के कर्मचारियों व चिकित्सकों को वेतन देने का समय उनके पास नहीं है. जबकि, प्रखंडों से सारा विपत्र 20 दिनों पूर्व ही सिविल सर्जन कार्यालय में जमा कर दिये गये हैं. वेतन विपत्र में केवल हस्ताक्षर के लिए सिविल सर्जन के टेबल पर रखा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन कार्यालय के सभी कर्मचारियों का वेतन हो चुका है. केवल प्रखंड के स्वास्थ्य कार्यालयों का वेतन अभी तक नहीं मिल पाया है. जिसको लेकर कर्मचारियों में काफी रोष है.
जबकि, सरकार की ओर से आदेश जारी किया गया था कि 25 के पहले वेतन से संबंधित सारे विपत्र भेज दिये जायें. जिससे कर्मचारियों का वेतन दिया जा सके.
लेकिन, यहां तो 20 तक सारे विपत्र जमा किये जा चुके हैं पर अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है. वेतन नहीं मिलने की वजह से कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ करना पड़ रहा है.
बरगलाते हैं सिविल सर्जन कार्यालय के कर्मचारीः
वेतन मिलने में हो रहे विलंब के बारे में जब कर्मचारी जानकारी मांगते हैं तो उन्हें बरगलाया जाता है. कह दिया जाता है कि विपत्र में सर, का हस्ताक्षर हो चुका है और कोषागार में भेज दिया गया है जब कर्मचारी कोषागार में मालूम करने जाते हैं तो वहां बताया जाता है कि अभी तक विपत्र आया ही नहीं है. कोरोना काल में लगातार काम कर रहे कर्मचारियों को परेशानी हो रही है.

