रांची: झारखंड के सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को दुर्गा पूजा और दशहरा पर एक साथ 3 दिन की छुट्टी मिल रही है. पहले 2 दिनों की छुट्टी 24 और 25 अक्टूबर, 2020 को घोषित थी, जिसे कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने संशोधित करते हुए इसे 26 अक्टूबर, 2020 कर दी है.
इस तरह से देखा जाये, तो 24 और 25 अक्टूबर क्रमश: शनिवार और रविवार है और 26 अक्टूबर, 2020 को विजयादशमी की छुट्टी होने से अब सोमवार को भी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे.
बता दें कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने 30 अक्टूबर, 2019 को वर्ष 2020 में झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए दुर्गा पूजा की छुट्टी 24 और 25 अक्टूबर, 2020 को निर्धारित की थी. बताया गया कि 24 अक्टूबर, 2020 (शनिवार) महाअष्टमी एवं महानवमी तथा 25 अक्टूबर, 2020 (रविवार) को विजयादशमी के अवसर अवकाश रहेगा.