नई दिल्लीः भारत सरकार ने आज घोषणा करते हुए बताया है कि चीन के एक बंदरगाह में जुलाई 2020 से फंसे भारतीय पोत एमपी अनास्तासिया तथा उस पर सवार 16 भारतीय नाविकों को स्वदेश वापस लाने के लिए वे चीनी सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है. इस बात की जानकारी विदेशमंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान दी है.
जल्दी होगी वतनवापसी
उन्होंने बताया है कि विदेश मंत्रालय और जहाजरानी मंत्रालय भारतीय पोत एमपी अनास्तासिया तथा उस पर सवार 16 भारतीय नाविकों को स्वदेश वापस लाने के लिए चीन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं. विदेश मंत्री ने उम्मीद जताई है कि भारतीय पोत एमपी अनास्तासिया पोत तथा उस पर सवार 16 भारतीय नाविक जल्द ही भारत लौट आएंगे.
23 भारतीय नाविक पिछले माह स्वदेश लौटे
गौरतलब है कि शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी ने सवाल किया था कि फंसे नाविक कब तक भारत लौटेंगे. प्रियंका ने कहा है कि यह पोत और एक अन्य भारतीय पोत एमवी जग आनंद पिछले साल जुलाई से चीन के बंदरगाहों में फंसे थे. उन्होंने कहा है कि एमवी जग आनंद में सवार 23 भारतीय नाविक पिछले माह स्वदेश लौट आए हैं लेकिन एमवी अनास्तासिया पर सवार भारतीय कब तक स्वदेश लौटेंगे ?

