ब्यूरो चीफ, टीम
रांची: निर्वाचन आयोग के दल ने शुक्रवार को रांची में राज्य के आला अधिकारियों समेत सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया. बैठक में मुख्य सचिव, राज्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे, सीआरपीएफ के आइजी संजय लाटकर समेत अन्य मौजूद थे. बैठक के आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन और संदीप सक्सेना ने सभी जिलों के उपायुक्तों से चुनाव की तैयारी, मतदाता सूची के प्रकाशन, बूथों की स्थिति (संवेदनशील और अति संवेदनशील) की जानकारी ली. यह पूछा गया कि विधानसभा चुनाव कराने के लिए कितने मतदान कर्मियों की आवश्यकता होगी. आयोग की तरफ से यह आश्वस्त किया गया कि राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए केंद्रीय बलों की भरपुर डिप्लायमेंट की जायेगी. आयोग ने यह कहा कि मतदान का प्रतिशत कैसे बढ़े, मतदाता बूथों तक कैसे पहुंचें, इसके लिए राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से लेकर जिला निर्वाची पदाधिकारी तक कसरत करें. एक भी मतदाता छूटें नहीं, इसके पुख्ता इंतजाम किये जायें. शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से मतदान कराने के लिए भी निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये.
नक्सली गतिविधियों पर विशेष नजर रहेगी-लाटकर
बैठक के बाद आइजी संजय लाटकर ने कहा कि राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान को लेकर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बलों की तैनाती की जायेगी. मतदान में वोटरों को दिक्कत नहीं हो, इसके लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस बल, केंद्रीय बल, सीमा सुरक्षा बल और अन्य को चुनाव कार्य में लगाया जायेगा. जिस तरह लोकसभा चुनाव 2019 में नक्सली गतिविधियां कम हुई थीं. इस पर विधानसभा चुनाव में भी विशेष नजर रखी जायेगी.
जल्द आयेगी आयोग की फूल टीम-सीइओ झारखंड
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय चौबे ने कहा कि मतदान कर्मियों के डिप्लोयमेंट प्लान, बूथ मैनेजमेंट, पुरुष और महिला मतदाताओं के जेंडर रेशियो, मतदान कर्मियों को बूथों तक पहुंचाने की व्यवस्था पर विशेष विमर्श किया गया. उन्होंने कहा कि सभी जिलों के निर्वाची पदाधिकारियों से कहा गया कि वे आरोप-प्रत्यारोप की नौबत आने नहीं दें. चुनाव के दौरान अपना कंडक्ट इंपार्शियल रखें. ताकि किसी दल विशेष के सदस्य यह नहीं कह सकें कि प्रशासन एक दल की मदद कर रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही आयोग की एक फूल टीम रांची आयेगी. इसके बाद चुनाव की तिथियों का ऐलान कर दिया जायेगा. बाकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.

