दीपक
रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा निर्वाचन आयोग द्वारा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से लेकर नवंबर के पहले सप्ताह के बीच की जाएगी. झारखंड की चौथी विधानसभा का कार्यालय नवंबर में समाप्त हो रहा है. राज्य की 81 विधानसभा सीटों को लेकर 4-5 चरणों मे मतदान कराया जायेगा.
निर्वाचन आयोग के सचिव राजीव कुमार ने बीएनएन संवाददाता को बताया कि झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम चल रहा है.12 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा.अक्टूबर माह में दुर्गा पूजा और दीवाली का त्योहार है ऐसे में चुनाव की तिथियों की घोषणा नहीं की जा सकती है. मतदाता सूची पुनरीक्षण और राज्य सरकार की तैयारियों के बाद ही निर्वाचन आयोग तिथियों की घोषणा करेगा.
मीडिया में विधानसभा चुनाव को लेकर कई अटकले लगायी जा रही है जो सही नहीं है क्योंकि बगैर वोटर लिस्ट की संपूर्णता के चुनाव कराना मुनासिब नहीं है. इसके लिये चुनाव आयोग की टीम झारखंड का दौरा करेगी और तैयारियों का जायजा लेगी.आयोग की टीम सभी आला अधिकारियों और राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेंगी.
राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ दल भाजपा सम्मलित सभी प्रमुख दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है. भाजपा मिशन 65 प्लस के नारे के साथ चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश में है. वहीं अन्य दल चुनाव के लिए सूटेबल पार्टनर का इंतज़ार कर रहे हैं. सोशल मीडिया भी चुनाव को लेकर काफी एक्टिव हो गया है.

