दिल्ली: भारत में कोविड-19 वैक्सीन को लेकर क्या तैयारियां हैं, लोगों तक वैक्सीन कब पहुंचेगी, क्या सबको एक साथ वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी, या फिर चरणबद्ध तरीके से मिलेगी. और कोरोना की दूसरी लहर के मद्देनजर सरकार की क्या तैयारियां हैं, इन सब सवालों पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आउटलुक के सवालों के जवाब दिए.
हम पहले से ही दुनिया का सबसे बड़ी टीकाकरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक चला रहे हैं. हर साल 2.60 करोड़ बच्चे इसमें जुड़ जाते हैं. हमारे पास वैक्सीन की आपूर्ति, भंडारण और वितरण की स्थापित प्रणाली है, जिसके जरिए हर साल 60 करोड़ डोज दिए जाते हैं. पोलियो टीकाकरण का कार्यक्रम दो दशक से चला रहे हैं.
हाल में हम दुनिया का सबसे बड़ा मीजेल्स-रूबेला टीकाकरण कार्यक्रम चला रहे हैं, जिसमें 33 करोड़ बच्चों को टीका लगाया जा रहा है. इन सफलताओं और अनुभवों से हमें पूरा भरोसा है कि कोविड-19 वैक्सीन के टीकाकरण में भी सफल होंगे. इसके लिए हम राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम बना रहे हैं, जिसके तहत प्राथमिकता वाले समूहों की भी पहचान की जा रही है. कोविड-19 वैक्सीन के लिए गठित विशेषज्ञ समूह वैक्सीन चयन, खरीद, वित्तीय संसाधन, वितरण वगैरह की पूरी योजना तैयार कर रहा है.
इसके अलावा हमारे पास इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन इंटेलीजेंस नेटवर्क (ईवीआइएन) भी है, जिसमें वैक्सीन वितरण से संबंधित सभी जानकारी रियल टाइम में एकत्र कर सकते हैं. मैं यह भरोसा दिलाता हूं कि चरणबद्ध तरीके से सभी नागरिकों को कोविड-19 वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी.

