रांची: रांची में एक महिला पुलिसकर्मी ने ASI के खिलाफ शिकायत दर्ज कराया है. महिला जवान ने जैप-10 के ASI पर छुट्टी देने के नाम पर कमरे में बुलाकर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है. महिला जवान ने इसकी शिकायत SSP सुरेंद्र कुमार झा से की. शिकायत को सही पाए जाने के बाद आरोपी दारोगा को सस्पेंड कर दिया गया है.
दरअसल, 22 साल की महिला पुलिसकर्मी को चार दिनों की छुट्टी की जरूरत थी. इसके लिए उसने जैप-10 के ASI 59 साल के शत्रुघन सिंह को फोन कर इस संबंध में जानकारी दी. आरोप है कि ASI ने महिला पुलिसकर्मी से कहा कि ऑफिस आकर आवेदन दो, मैं तुम्हें देखना चाहता हूं. छुट्टी का आवेदन लेकर महिला पुलिसकर्मी पुलिस लाइन कार्यालय पहुंची. यहां पहुंचने के बाद उसने ASI को फोन कर बताया कि वो ऑफिस पहुंच गई है. इसके बाद शत्रुघन सिंह ने उसे कमरे में बुलाया और जबरदस्ती करने लगा. किसी तरह महिला पुलिसकर्मी वहां से खुद को बचाकर बाहर निकली.
महिला जवान ने पूरे मामले की शिकायत रांची के सीनियर एसपी सुरेद्र कुमार झा से की. मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP ने इसकी जांच कराई. जांच में महिला जवान की शिकायत को सही पाया गया. इसके बाद SSP एसके झा ने ASI शत्रुघन सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया.

