रांची: लॉकडाउन के दौरान किसी के सामने खाद्यान्न की समस्या न हो, इसे लेकर रांची डीसी ने जिलेवासियों से अपील किया है.
उन्होंने कहा कि अगर किसी को भोजन, खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की जरुरत हो तो कृपया हमें बतायें, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन तक मदद पहुंचे.
उपायुक्त ने बताया कि जिले में किसी भी व्यक्ति को खाने की समस्या न हो इसके लिए वॉलेंटियर्स की टीम बनायी गयी है, जो ऐसे लोगों की जानकारी जिला प्रशासन से साझा करती है.
जिसके बाद इन लोगों की सहायता की जा रही है. लॉकडाउन के दौरान जरुरतमंदों के बीच खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं को पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है.
इसी क्रम में ओरमांझी के शांति सदन और महर्षि बाल्मीकि अनाथालय में जरुरतमंद महिलाओं और छात्रों के बीच अनाज और आवश्यक सामग्री सोमवार को जिला प्रशासन रांची की ओर से पहुंचाया गया.
विदित हो कि ओरमांझी के शांति सदन में करीब 50 निराश्रित महिलाएं रहती है, संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उनके सामने राशन की समस्या है.
जिला प्रशासन की ओर से शांति सदन की महिलाओं को दाल, चावल, नमक और अन्य आवश्यक वस्तु उपलब्ध करायी गयी.
इसी तरह महर्षि बाल्मीकि अनाथालय में रह रहे 15 छात्रों के लिए भी जिला प्रशासन की ओर से मदद पहुंचायी गयी.
शांति सदन की महिलाएं और महर्षि बाल्मीकि अनाथालय के छात्रों तक मदद पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री और रांची प्रशासन रांची की सराहना की जा रही है.
आलोक गुप्ता ने खाद्यान्न और दूसरी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति किये जाने पर ट्वीट कर झारखंड के मुख्यमंत्री और रांची उपायुक्त राय महिमापत रे की प्रशंसा की है.