NEW DELHI: बीते साल सोने ने निवेशकों (Investors) को लगभग 30 फीसदी का मुनाफा (Profit) दिया, जिसकी वजह से सोने के प्रति निवेशकों को आकर्षण बढ़ता गया और सोने में निवेश बढ़ता चला गया. लेकिन नए साल की शुरुआत से ही सोने के भावों पर दबाव देखा जा रहा है. पिछले साल अगस्त माह में सोना 56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया था. लेकिन बजट 2021 के बाद से सोने के भावों में जोरदार गिरावट आते हुए दिखाई दी है. सोना अपने उच्चतम स्तर से अब तक लगभग 10,000 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे आ चुका है. कमोबेश इसी तरह की चांदी (Silver rates) की भी चाल देखी जा रही है.लेकिन, बुलियन मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों पर ज्यादा दबाव बजट 2021 में इंपोर्ट ड्यूटी में 5 फीसदी की कमी की घोषणा के बाद से ज्यादा देखा गया है. पहले इंपोर्ट ड्यूटी 12.5 फीसदी थी, जिसमें 5 फीसदी की कटौती करने का ऐलान किया गया जिसके बाद इंपोर्ट ड्यूटी घटकर 7.5 फीसदी हो गई है.
कोरोना (COVID-19) के समय में जब शेयर बाजार टूट रहे थे. पूरी दुनिया मंदी (Slow down in Economy) की चपेट में आ रही थी, तो सोने-चांदी के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ता चला गया. इसमें निवेशकों ने हेज (Hedge) के तौर पर खरीदारी की. जिससे भारत में सोने के रेट 56,191 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए. सोने का यह अभी तक का सबसे ऊंचा भाव है. इसी तरह से शेयर बाजार (Share market) में गिरावट का फायदा चांदी को भी मिला. जमकर खरीदार करने से इसके भाव 78,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए. चांदी का यह अभी तक का सबसे ऊंचा भाव (Higher rates of Silver) है. लेकिन बीते कुछ माह में इन कीमती धातुओं (Precious metals) के भावों में काफी गिरावट आ चुकी है. अब इस स्तर पर इन कीमती धातुओं में निवेश किया जा सकता है या अभी और कुछ इंतजार करना चाहिए. कमोडिटी मार्केट के जानकारों का कहना है कि अगर सोने के भाव 47,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बने रहते हैं तो इसमें गिरावट आने की संभावना काफी कम हो जाती है. जबकि, 4 फरवरी को एमसीएक्स पर सोने के रेट 46,611 रुपये के निचले स्तर पर भी पहुंच चुके हैं. यहां से यह फिर से रिकवर किया है.
बता दें, दुनिया भर में कोरोना का वैक्सीनेशन प्रोग्राम (Vaccination program) शुरू किए जाने के बाद अब डर का माहौल धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है और कोरोना महामारी पर धीरे-धीरे विजय प्राप्त होने लगी है. जिससे कारोबारी गतिविधियों में तेजी का रुख देखा जा रहा है. इसकी वजह से शेयर बाजार में काफी तेजी देखी जा रही है. भारतीय शेयर बाजार के सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 51,000 के करीब कारोबार कर रहा है. वहीं, सोने में निवेश को लेकर जानकारों का मानना है कि अगर सोना 48,500 के स्तर को पार कर लेता है तो यह 50,000 के स्तर पर आसानी से पहुंच सकता है. फिलहाल सोना अप्रैल वायदा 47795 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता हुआ देखा गया है.

