खास बातें:
-
राजीव गौबा, अमित खरे, एनएन सिन्हा और इंदू शेखर चतुर्वेदी हैं केंद्र में सचिव पद पर आसीन
-
1990 बैच के एसकेजी रहाटे और एमएस भाटिया को मिली प्रोन्नति
रांचीः झारखंड कैडर के IAS अफसरों ने राज्य के नीतिगत निर्णयों में अपनी दक्षता का परिचय तो दे ही दिया है. लेकिन केंद्र में भी अपनी बेहतर दूरदर्शी विजन से कई नीतियों को अंजाम तक पहुंचाया है, जिसकी चर्चा देश ही नहीं विदेशों में भी हो रही है.
उनके ही विजन के बदौलत आम जन को कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है. ऐसे ही झारखंड की ब्यूरोक्रेशी में एक गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है. झारखंड कैडर के IAS अफसर ब्यूरोक्रेसी के सर्वोच्च पद पर आसीन हो गए हैं. 1982 बैच के IAS राजीव गौवा ने इस पद को अपने आत्मविश्वास और विजन के बदौलत हासिल किया है. वहीं केंद्र में तैनात 1990 बैच के अफसर एसकेजी रहाटे और एमएस भाटिया को भी सीएस रैंक में प्रोन्नति मिल गई है. झारखंड सरकार ने इसका आदेश जारी कर दिया है.
धारा 370 हटाने का तैयार किया था मसौदा
गौबा ने केंद्र में गृह सचिव रहते हुए केंद्र द्वारा आर्टिकल 370 को हटाने, जम्मू-कश्मीर के पुनर्निर्माण के फैसले के मसौदे को तैयार करने और इसे सफलतापूर्वक लागू करने में एक अहम भूमिका निभाई थी. अपनी एक छोटी कोर टीम के साथ मिलकर उन्होंने इस फैसले के संवैधानिक और कानूनी पहलुओं को अंतिम स्वरूप दिया और इससे जुड़े प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी ढांचा तैयार किया.
उग्रवाद से निपटने की तैयार की थी योजना
गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव रहते हुए उन्होंने 2015 में वामपंथ उग्रवाद से निपटने के लिए एक बहुआयामी योजना तैयार की और इसे लागू करने में सक्रियता दर्शायी जिससे वामपंथ उग्रवाद प्रभवित क्षेत्र काफी हद तक घट गए. उन्हें दिल्लीं में नगर विकास एवं आवास मंत्रालय में सचिव नियुक्तफ किया. उन्होंने रक्षा, पर्यावरण एवं वनभूमि, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालयों में भी अपना योगदान दिया है. अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष में भी भारत का गौबा ने चार वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया.
झारखंड को विकास के पथ पर ले जाने में रहा अहम योगदान
राजीव गौबा झारखंड में मुख्य सचिव भी रह चुके हैं. उन्होंने यहां लेबर रिफार्म, मंत्रालयों व विभागों का पुनर्गठन, लेटरल इंट्री तथा इज ऑफ डुइंग बिजनेस में किए गए उनके प्रयासों से ही झारखंड को पहली बार देश में इज ऑफ डुइंग बिजनेस में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था.
झारखंड के कई अफसर निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका
झारखंड कैडर के कई IAS अफसर केंद्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. सीएस रैंक के अफसर अमित खरे मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सचिव हैं. इंदू शेखर चतुर्वेदी केंद्रीय नव एवं नवीकरण ऊर्जा मंत्रालय के सचिव हैं. एनएन सिन्हा ग्रामीण विकास मंत्रालय में सचिव हैं. एसकेजी रहाटे, निधि खरे और अलका तिवारी भी केंद्र में एडिशनल सेक्रेट्री के पद पर तैनात हैं. एमएस भाटिया 15वें वित्त आयोग में एडिशनल सेक्रेट्री के पद पर तैनात हैं. वहीं सुरेंद्र सिंह मीणा केंद्र में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात हैं.

