जापान की राजधानी तोक्यो समेत देश के अलग अलग हिस्सों में प्रचंड तूफान ‘हगिबिस’ से अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है. बाढ़ में डूबे मकानों में फंसे लोगों को निकालने के लिए रविवार को हेलीकॉप्टरों, नौकाओं तथा हजारों सैनिकों को लगाया गया है. इस भयानक प्राकृतिक घटना में बचाव अभियान के दौरान एक महिला की हेलीकॉप्टर पर चढ़ते समय गिरकर मौत हो गई. तूफान हगिबिस ने शनिवार शाम को दक्षिणी तोक्यो में दस्तक दी और उसने मध्य तथा उत्तरी जापान में तबाही मचायी. हगिबिस रविवार को उष्णकटिबंधीय तूफान में तब्दील हो गया. सूत्रों के अनुसार देशभर में 14 नदियों में बाढ़ आ गई.
तोक्यो दमकल विभाग ने बताया कि 70 वर्ष की आयु की एक महिला फुकुशिमा के इवाकी शहर में बचाव हेलीकॉप्टर पर चढ़ते समय 40 मीटर की ऊंचाई से दुर्घटनावश जमीन पर गिर गयी जिससे उसकी मौत हो गई. सरकार की दमकल और आपदा प्रबंधन एजेंसी ने रविवार देर रात कहा कि तूफान के कारण 14 लोगों की मौत हो गयी, 11 लापता हैं तथा 187 लोग घायल हो गए. उसने बताया कि 1,283 मकान जलमग्न हो गए और 517 मकान आंशिक या पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए. वहीं, जापानी मीडिया ने मृतकों की संख्या 33 बतायी तथा 19 लोग लापता बताए. तोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कारपोरेशन ने रविवार देर रात बताया कि 66,000 से अधिक घरों में अब भी बत्ती गुल है.
तूफान रविवार सुबह राजधानी के कई हिस्सों तक पहुंच गया और इसने आसपास के इलाकों में अपने पीछे तबाही के निशान छोड़ दिए. सेना और दमकल विभाग के हेलीकॉप्टरों ने कई स्थानों पर लोगों को छतों और बालकनियों से बाहर निकाला. इवाकी सिटी, फुकुशिमा में अन्य जगहों पर नौका अभियान चलाकर सैकड़ों लोगों को बचाया गया. हाल के वर्षों में सबसे विध्वंसकारी तूफानों में से एक हगिबिस ने शनिवार रात को जापान के मुख्य होन्शू द्वीप पर दस्तक दी. तूफान के आने से 216 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली.

