रांची: झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)के कार्यकारी अध्यक्ष और महागठबंधन के नेता हेमंत सोरेन को सूबे का मुख्यमंत्री मनोनीत कर दिया है. राज्यपाल ने बुधवार को उन्हें सरकार बनाने का आमंत्रण भी दिया.
इससे पहले मंगलवार की रात को हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और झारखंड विकास मोर्चा के 50 विधायकों का हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र सौंप कर सरकार बनाने का दावा किया गया था.
बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह 29 दिसंबर को अपराह्न एक बजे राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा. इस शपथ ग्रहण में कांग्रेस शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और यूपीए के शीर्ष नेताओं के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा स्टार प्रचारक राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया गया है.