खास बातें:-
-
बीजेपी का सदन के बाहर और अंदर हंगामा जारी, स्पीकर ने कहा, सदन को मजाक बनाना सही नहीं
-
बीजेपी विधायक भानू प्रताप शाही और बंधु तिर्की के बीच हुई नोंक- झोंक
-
बीजेपी विधायकों ने कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी की सदस्यता रद्द करने की मांग की
रांचीः बजट सत्र के पांचवें दिन भी बीजेपी विधायकों का हंगामा जारी रहा. कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी के बयान पर बीजेपी विधायकों ने हंगामा किया. बीजेपी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि इरफान अंसारी की सदस्यता रद्द करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि यह सवा तीन करोड़ जनता का अपमान है. इससे पहले बीजेपी विधायकों ने सदन के बाहर भी विरोध-प्रर्दशन किया. लोकतंत्र की हत्या बंद करो, नेता प्रतिपक्ष में क्यों देरी नहीं चलेगी, हेराफेरी के नारे भी लगाए.
गुरुवार को जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, वैसे ही बीजेपी विधायक इरफान के बयान को लेकर हंगामा करने लगे. इस पर स्पीकर ने कहा कि सदन का समय अनावश्यक बातों पर व्यर्थ हो जाता है, सदन की गरीमा बनाए रखें. कौन क्या बोला इसको लेकर बेवजह चर्चा करना ठीक नहीं.
वेल में घुसे बीजेपी विधायक
11-09 बजे बीजेपी विधायक इरफान के माफी मांगने और बाबूलाल को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग को लेकर वेल में घुस गए. इस बीच बीजेपी विधायक भानू प्रताप शाही और बंधु तिर्की के बीच नोंक-झोंक भी हुई.
इस बीच संसदीय कार्यमंत्री आलमगिर आलम भी कुछ बोलने के लिए उठे, लेकिन बीजेपी विधायकों का हंगामा जारी रहा. इस पर स्पीकर ने कहा कि इस तरह हंगामा होता रहा तो आसन के लिए विषम परिस्थिति होगी.
हंगामा होता देख स्पीकर ने दोपहर दो बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी.
सदन को मजाक बनाना सही नहीं: स्पीकर
स्पीकर ने बीजेपी विधायकों के हंगामे पर कहा कि सदन को मजाक बनाना सही नहीं है. आपलोग विपक्षी दल हैं, इस तरह से कैसे सदन चलेगा. जनता के बीच क्या संदेश देंगे. सदन का समय अनावश्यक बातों पर व्यर्थ हो जाता है.

