नई दिल्ली: निर्भया की मां आशा देवी ने कहा कि जिस तरह से बार-बार फांसी टली है हम सोच भी नहीं सकते हैं कि हमारा संघर्ष पूरा हो गया है. कल जैसे ही दया याचिका खारिज हुई हमने शाम को अर्जी लगा दी, आज 2 बजे सुनवाई है तो उम्मीद है कि आज नया डेथ वारंट जारी हो जाएगा.
बते दें कि निर्भया के दोषी पवन कुमार गुप्ता की दया याचिका राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खारिज करने के कुछ देर बाद ही दिल्ली सरकार ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा की अदालत में अर्जी दायर कर नया डेथ वारंट जारी करने की मांग की.
कोर्ट में लोक अभियोजक ने कहा है कि अब चारों दोषियों के सभी उपाय पूरे हो चुके हैं. लिहाजा उनको नोटिस जारी करने की जरूरत नहीं है. इस पर अदालत ने कहा कि संविधान में जीने का अधिकार दिया गया है और दूसरे पक्ष को भी सुनना चाहिए, इसलिए दोषियों को नोटिस जारी किया जाता है और बृहस्पतिवार को उनका पक्ष सुना जाएगा. चारों दोषियों के पास अब कोई कानूनी विकल्प नहीं बचा है. अभी तक इस मामले के दोषियों को फांसी देने के लिए तीन बार डेथ वारंट जारी हो चुके हैं.
चौथी बार होगी जारी डेथ वारंट
बता दें कि निर्भया के चारों दोषियों (विनय कुमार शर्मा, पवन कुमार गुप्ता, मुकेश सिंह और अक्षय कुमार सिंह) को फांसी देने के लिए दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट अब तक तीन बार डेथ वारंट जारी कर चुका है. बावजूद इसके कानूनी अड़चनों के चलते फांसी की सजा पर अमल नहीं किया जा सका है. ऐसे में निर्भया के माता-पिता की याचिका पर अब दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट चौथी बार डेथ वारंट जारी करेगा.

