मध्यप्रदेश: देश में कोरोना वायरस को मात देने के लिए दो वैक्सीन को इस्तेमाल की मंजूरी दी जा चुकी है. वहीं दूरी तरफ वैक्सीन को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, जनअधिकार पार्टी के पप्पू यादव और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सवाल उठाए हैं. वहीं एक कांग्रेस विधायक का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद टीका लगाकर लोगों का विश्वास जीतें. इसी बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि वे अभी टीका नहीं लगवाएंगे.
शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा, ‘मध्यप्रदेश के समस्त जिले कोविड-19 वैक्सिनेशन के लिए तैयार हैं. सभी प्रकार की व्यवस्थाएं कर ली गई हैं. मैंने निर्णय लिया है कि मैं अभी वैक्सीन नहीं लगवाऊंगा. मेरी बारी बाद में आनी चाहिए. पहले हम प्रायॉरिटी ग्रुप्स का वैक्सिनेशन सुनिश्चित करेंगे और बाद में मेरा वैक्सिनेशन होगा.’
आपको बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोना वैक्सीन को लेकर कुछ प्राथमिकताएं तय की गई हैं. इनके अनुसार, कोरोना वैक्सीन को शुरुआत में हेल्थ वर्कर, फिर फ्रंटलाइन वर्कर, 50 से अधिक उम्र वाले लोग और गंभीर बीमारी वाले लोगों को दी जाएगी. केंद्र सरकार प्राथमिकता के अनुसार, शुरू में 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने की बात कह रही है.
देश में अभी दो कोरोना वैक्सीन को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन शामिल है. अब जल्द ही देशव्यापी वैक्सीनेशन का प्रोग्राम भी शुरू हो जाएगा.
हालांकि, लगातार वैक्सीन को लगवाने और ना लगवाने पर बयान आ रहे हैं. बीते दिनों समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी ऐलान किया था कि वो वैक्सीन नहीं लगवाएंगे. हालांकि, उन्होंने कहा था कि वो बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, उन्हें इसपर भरोसा नहीं है. जब उनकी सरकार आएगी, तब सभी को वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी.

