मुंगेर: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक है और मुंगेर विधानसभा में नामांकन का अंतिम दिन भी था. इसी कड़ी में जमालपुर विधानसभा सीट से स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में पप्पू यादव बैलगाड़ी से नामांकन पर्चा दाखिल करने पहुंचे.
बैलगाड़ी से नामांकन पर्चा दाखिल करने आए पप्पू यादव लोगों के बीच काफी आकर्षण का केंद्र रहे. हालांकि बैरिकेडिंग होने के कारण वे कुछ दूर पहले ही उतर कर पैदल नामांकन पर्चा दाखिल करने पहुंचे. नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद यादव ने कहा कि देश की व्यवस्था और किसानों की हालत को देख कर हम बैलगाड़ी से यहां नामांकन पर्चा दाखिल करने पहुंचे हैं.
बैलगाड़ी किसानों की शान है लेकिन आज के दौर में वर्तमान सरकार किसानों की हितैषी नहीं है. किसान आत्महत्या कर रहे हैं. लेकिन सरकार सो रही है. आज देश को वर्तमान सरकार पतन की ओर मोड़ रही है, देश का ग्रोथ रेट नीचे जा रहा है, महंगाई अपनी चरम सीमा पर है, युवाओं में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. लेकिन सरकार सो रही है.
इसलिए भी बैलगाड़ी से आना पड़ा ताकि देश में जो वर्तमान में गरीबों के नाम पर राजनीति सरकार कर रही है, उन्हें करारा जवाब मिल सके. वहीं उन्होंने कहा कि 15 सालों से जमालपुर ही नहीं पूरे मुंगेर जिले के लोगों की जन सवालों को लेकर हमने हमेशा से ही संघर्ष किया है और करता आ रहा हूं, मुझे विश्वास है कि जमालपुर की जनता मुझे मेरे कामों के आधार पर जरूर मुझे चुनेगी. मैंने जमालपुर में नेता के रूप में नहीं बल्कि बेटा के रूप में काम किया हूं.

