नई दिल्ली. बीसीसीआई ने शुक्रवार को प्रेस रिलीज करके इस बात का ऐलान किया कि भारतीय टीम कोरोना वायरस के कारण श्रीलंका और जिम्बाब्वे के दौरे पर नहीं जाएगी. इससे पहले आईसीसी ने गुरुवार को भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली सीरीज को स्थगित करने का ऐलान किया था.
टीम इंडिया को श्रीलंका में 24 जून से लेकर 11 जुलाई तक वनडे और टी20 सीरीज खेलनी थी लेकिन कोरोना वायरस के चलते अब यह सीरीज स्थगित हो गई है.
वहीं इसके बाद टीम को 22 अगस्त से जिम्बाब्वे के दौरे पर जाने था. बीसीसीआई ने यह साफ नहीं किया है कि सीरीज रद्द की गई हैं या स्थगित हुई हैं. बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज में कहा, ‘भारतीय टीम श्रीलंका और जिमबाब्वे के दौरे पर नहीं जाएगी. कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए यह फैसला किया गया है.’
भारत में अब तक तीन लाख कोरोना वायरस के मामले सामने आये हैं और 8500 लोगों की मौत हो चुकी है. भारतीय टीम ने अभी तक ट्रेनिंग शुरू नहीं की है और जुलाई से पहले शिविर लगने की संभावना भी नहीं है. खिलाड़ियों को मैचों के लिये तैयार होने के लिये करीब छह हफ्ते लगेंगे.
शाह ने विज्ञप्ति में बोर्ड के कदम को दोहराया कि वह ट्रेनिंग शिविर तभी आयोजित करेगा जब ऐसा करना सुरक्षित होगा. इसके अनुसार, ‘बीसीसीआई अपने अनुबंधित खिलाड़ियों के लिये शिविर तभी आयोजित करेगा जब बाहर ट्रेनिंग करना पूरी तरह से सुरक्षित होगा.’
इसमें कहा गया, ‘बीसीसीआई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट की बहाली की ओर कदम बढ़ाने को प्रतिबद्ध है, लेकिन वह ऐसा कोई भी फैसला नहीं करेगा जिससे केंद्र और राज्य सरकार तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के प्रयास विफल हो जायें.’
उन्होंने कहा कि बीसीसीआई लगातार देश में ‘कोविड-19’ हालात का आकलन कर रहा है और सभी सरकारी दिशानिर्देशों पर विचार करने के बाद ही क्रिकेट गतिविधियां बहाल करने पर फैसला लेगा.

