नई दिल्ली: केंद्र सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी देश में कोरोना वायरस का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऐसे में इस वायरस के कहर के बीच में कुछ अच्छी खबरें भी सामने आ रही हैं. आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि भारत में इस वायरस से मृत्यु दर अन्य देशों की अपेक्षा काफी कम है.
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा किहमारा रिकवरी रेट दुनिया में शायद सबसे अच्छा 75% के करीब है और मृत्य दर सबसे कम 1.87% है. हमारा एक वैक्सीन कैंडिडेट क्लीनिकल ट्रायल के तीसरे चरण में पहुंच गया है.
सूत्रों के मुताबिक अभी तक देश में कुल 3,44,91,073 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से करीब 28 प्रतिशत मामलों में जांच रैपिड एंटीजन पद्धति से की गयी.
मंत्रालय ने कहा यह केंद्र और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों के दृढ़ संकल्प वाले, केंद्रित, सतत और समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि भारत ने 24 घंटे की अवधि में दस लाख से अधिक नमूनों की जांच की है.
मंत्रालय ने बताया कि जांच प्रयोगशालाओं के नेटवर्क में विस्तार की वजह से भी यह उपलब्धि हासिल हुई है. आज देश में 1,511 लैब हैं जिनमें 983 सरकारी क्षेत्र में तथा 528 निजी हैं.

