दिल्ली: अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है. बुधवार सुबह सुब्रमण्यम स्वामी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि अगर कल (गुरुवार) तक अमित मालवीय को नहीं हटाया गया, तो इसका मतलब ये होगा कि पार्टी मुझे नहीं बचाना चाहती है.
सुब्रमण्यम स्वामी मंगलवार से ही अमित मालवीय के खिलाफ ट्विटर पर लगातार ट्वीट कर रहे हैं. स्वामी ने लिखा कि अगर कल तक अमित मालवीय को भाजपा आईटी सेल से नहीं हटाया गया, तो इसका मतलब पार्टी मुझे डिफेंड नहीं करना चाहती है. अगर पार्टी में ऐसा कोई फोरम नहीं है जहां मैं अपनी राय रख सकूं तो मुझे ही खुद को डिफेंड करना होगा.
इससे पहले भी सुब्रमण्यम स्वामी भाजपा आईटी सेल के खिलाफ कई बार लिख चुके हैं. उन्होंने लिखा था कि भाजपा आईटी सेल दुष्ट हो चुकी है. आईटी सेल के कुछ सदस्य फर्जी आईडी बनाकर मुझ पर हमला कर रहे हैं. स्वामी ने कहा कि अगर मेरे प्रशंसक ऐसा करने पर उतरे तो इसका जिम्मेदार मैं नहीं रहूंगा, जैसे मुझपर हमला करने के लिए भाजपा को जिम्मेदार नहीं ठहाराया जा सकता.

