कर्मवीर
रांची: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सूचना- प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि राज्य में भाजपा नेतृत्व वाली रघुवर सरकार के कार्यकाल के दौरान किये गये विकास कार्यों से झारखंड की फिजा बदली है और यही कारण है कि पार्टी को विश्वास है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में आसानी से भाजपा 65 पार के लक्ष्य को पूरा कर लेगी.
प्रकाश जावड़ेकर रविवार को रांची स्थित पार्टी के नये मीडिया सेंटर का उदघाटन करने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि विधानसभा में भाजपा विजयी के विश्वास के साथ चुनाव मैदान में है. उन्होंने कहा कि पांच वर्षों के दौरान जनता ने विकास करने वाली सरकार को देखा है, वहीं यूपीए की लूट और घोटाले की सरकार को भी जनता देख चुकी है. इसलिए जनता इस बार साफ-सुथरी और विकास के मुद्दे पर भाजपा को फिर से पूर्ण बहुमत देगी.
पहले राज्य के माओवाद प्रभावित इलाके में लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे, लेकिन अब झारखंड की फिजा बदल रही है, महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार की ओर से जो काम किये गये, वह पूरे देश में अभूतपर्व है. एक रुपये की टोकन राशि पर महिलाओं को जमीन और संपत्ति का अधिकार मिला, वहीं 30 लाख महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया. राज्य के 57 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिला है, वन उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित होने से आदिवासियों को उनकी उपज का सही दाम मिला है.
वहीं 1.17 लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली और एक दिन में 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का रिकॉर्ड लिम्बा बुक ऑफ रिकॉर्डस में दर्ज किया गया. पांच वर्ष पहले तक राज्य में सिर्फ 18 हजार लोगों को वन भूमि का पट्टा मिला था, वहीं पांच वर्ष के दौरान 43 हजार आदिवासियों को वन भूमि का पट्टा दिया गया.
केंद्रीय वन-पर्यावरण मंत्री ने बताया कि अधिकारियों ने वन कानून 1927 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन जैसे ही उन्हें यह जानकारी मिली की कि यह आदिवासियों के हित के अनुकूल नहीं है, उन्होंने तत्काल इस ड्रॉफ्ट को वापस लेने का निर्णय लिया.

