MP: अशोकनगर जिले में एक जुलाई 2020 से किल कोरोना अभियान चलेगा. यह अभियान 15 जुलाई तक संचालित होगा. इस दौरान घर-घर सर्वे होगा. इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग का अमला भी लगेगा. कोई भी कोरोना महामारी से संक्रमित व्यक्ति छूटे नहीं. नागरिकगण सोशल डिस्टेन्सिंग, मास्क लगाने के निर्देशों का पालन करें. कोरोना महामारी का संकट अभी टला नहीं है. जरा सी लापरवाही भयानक रूप ले लेगी. जिले के नागरिक सजग एवं सतर्क रहें ताकि वे कोरोना महामारी से बचने में सफल रहें और स्वस्थ्य रहें. इस आशय के विचार कलेक्टर डॉ. मंजू शर्मा ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला संकट प्रबंधन समूह की बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए.
बैठक में कलेक्टर डॉ. मंजू शर्मा द्वारा जिले में कोरोना कोविड-19 के प्रकरणों की जानकारी,जिले में अब तक की गई कार्रवाईयों और कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के उपचार एवं स्वास्थ्य होने की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चेहरे पर मास्क लगाए तथा सोशल डिस्टेन्स का पालन करें. हाथ साबुन से अथवा सेनेटाइजर से नियमित अंतराल से साफ रखें. कोरोना संक्रमण से स्वयं के बचाव के लिए सावधानी अत्यावश्यक है.
उन्होंने बताया कि आगामी 1 जुलाई से 15 जुलाई तक किल कोरोना अभियान के तहत जिले में घर-घर सर्वे कराया जाएगा. सर्वे कार्ये हेतु 145 टीमों का गठन किया गया है. प्रत्येक टीम 1 दिन में 100 घरों का सर्वे करेगी. सर्वे टीम में एएनएम,आशा,आंगनवाडी कार्यकर्ता तथा पंचायत कर्मी शामिल रहेगें. सर्वे टीम द्वारा स्वास्थ्य किट के साथ लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी. कोरोना संबंधी लक्षण वाले मरीजों का इंद्राज सार्थक एप में किया जाएगा. साथ ही टीम द्वारा सर्दी, खासी, बुखार, मलेरिया,डेगू वाले मरीजों को निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा तथा नजदीकी चिकित्सालय में उपचार की व्यवस्था की जाएगी.
उन्होंने कहा कि सभी के जन सहयोग से अभियान को सफल बनाया जा सकता है. इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है ताकि जिला कोरोना संक्रमण अथवा उसके फैलाव से पूरी तरह मुक्त रहे.
बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. अनुज रोहतगी,पूर्व विधायक श्री गजराम सिंह यादव,एसडीओपी. गुरूवचन सिंह,मुख्यचिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.आर.त्रिवेदिया,सिविल सर्जन डॉ. हिमांशु शर्मा,मुख्यनगर पालिका अधिकारी पी.के सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

