रांची: झारखंड में कुरमी-कुड़मी विकास मोर्चा ने कुरमी बहुल विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है. मोर्चा किसी भी दल का साथ नहीं देगा. मोर्चा ने आज खिजरी विधानसभा क्षेत्र के लिए सरिता तिर्की को अपना उम्मीदवार घोषित किया.
खिजरी अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित सीट है, लेकिन समीकरणों के लिहाज से यहां कुरमी वोटर भी प्रभावी हैं. संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने मंगलवार को रांची में प्रेस कांफ्रेस कर मोर्चा की तैयारियों की जानकारी दी.
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की सभी राजनीतिक पार्टियां राज्य में सबसे बड़ी एकल आबादी कुरमी -कुड़मी जाति को अपनी राजनीतिक स्वार्थ की खातिर झूठे आश्वासन देकर इस्तेमाल करती आई है. जबकि राज्य की कुल आबादी का एक चौथाई हिस्सा कुरमियों का है. चुनाव में मोर्चा कुड़मी बहुल क्षेत्र में अपना प्रत्याशी उतारेगा. उन्होंने बताया की आरक्षित सीट खिजरी से सरिता तिर्की को प्रत्याशी घोषित किया गया है. उन्होंने कहा कि मोर्चा कम से कम 15 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है.
प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय सचिव रामपोदो महतो ने कहा कुरमी-कुड़मी विकास मोर्चा दमखम के साथ चुनाव लड़ेगा और राजनीतिक दलों का विकल्प बनेगा.