रांची: चारा घोटाला मामले में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार में सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के रिम्स स्थित पेइंग वार्ड में रविवार को छापा पड़ा. जेल आइजी, रांची के सिटी एसपी और डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने रिम्स के पेइंग वार्ड को घंटों खंगाला. यहां एक-एक सामानों तलाशी ली गयी.
बताया गया है कि रिम्स में लालू से मुलाकात को लेकर जेल मैनुअल के उल्लंघन मामले पर संज्ञान लेने के लिए जिला प्रशासन के महकमे के साथ जेल आईजी शशि रंजन ने रिम्स के पेइंग वार्ड का निरीक्षण किया. लगभग एक घंटे तक चलने वाले इस निरीक्षण में जेल अधीक्षक, सिटी एसपी एवं सदर डीएसपी समेत जिला प्रशासन का पूरा महकमा मौजूद रहा.
वहीं आईजी शशि रंजन ने जेल मैनुअल उल्लंघन पर गंभीरता दिखाते हुए जांच के निर्देश दिए. वहीं पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट जल्द से जल्द मांगी. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई को सुनिश्चित किया जा सकेगा. साथ ही साथ दोषियों पर कार्रवाई होगी.
बहरहाल मामले की जांच जेल आईजी ने सदर डीएसपी एवं जेल अधीक्षक के जिम्मे सौंप दी है. अब देखना है जांच में क्या कुछ सामने आता है. इस मामले में दोषियों पर क्या कुछ करवाई होती है.

