मुंगेर: धरहरा प्रखंड के आसपास के गांव में शराब तस्कर और शराब माफिया के कारोबार दिनों दिन फल फूल रहा है. वहीं ग्रामीण इलाकों की आड़ में शराब तस्कर सक्रिय है.
तो वहीं पुलिस द्वारा लगातार चलाये जा रहे शराब माफियाओं के विरूद्ध छापेमारी अभियान में पुलिस को सफलता मिल रही है. इसी क्रम में धरहरा थाना अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गये छापेमारी अभियान में धरहरा पुलिस ने धरहरा गांव से अवैध देशी और विदेशी शराब से लदी पिकअप वैन व ऑटो को जब्त करने में सफलता मिली.
थाना अध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर धरहरा किरासन तेल पंप के पास से एक पिकअप वैन से 375 एमएल की 140 बोतल इम्पेरियल ब्लू विदेशी शराब और जमालपुर धरहरा मुख्यमार्ग के मध्य विधालय धरहरा के समिप एक टेम्पू से 64 लीटर अवैध देशी महुआ शराब को बरामद किया गया.
उन्होंने बताया कि इस छापेमारी की भनक पूर्व में शराब माफियाओं को लग गई, जिसके कारण वे वाहन को सड़क पर ही छोड़ कर फरार हो गये.
हालांकि इस दौरान वहां से एक मोबाइल पुलिस द्वारा जब्त किया गया है, जिसके आधार पर अवैध शराब माफियाओं पर कार्यवाही की जाएगी.

