नई दिल्ली: हरिद्वार पुलिस ने एक ऐसी लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है, जो अपने पति के इशारे पर शादियां करती थी. फिर गहने-पैसे लेकर रफूचक्कर हो जाती थी. इस लुटेरी दुल्हन ने चंडीगढ़ के एक युवक से शादी करके उसे धोखा दिया. शादी के कुछ दिनों बाद ही लुटेरी दुल्हन ससुराल से 50 हजार रुपए और जेवरात लेकर फरार हो गई.
पुलिस ने लुटेरी दुल्हन के साथ उसके असली पति को भी पकड़ लिया है. दरअसल, इस गिरोह का मास्टरमाइंड यही है. ये दोनों भाई-बहन की तरह सामने आते थे. इस फ्रॉड कपल को हरिद्वार से पकड़ा गया. इनका वास्तविक नाम अंजलि और महावीर है.
एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि अंजलि अपना नाम बदलकर यानी पूजा बनकर चंडीगढ़ निवासी युवक से मिली थी. इसके बाद दोनों ने 18 दिसंबर को शादी कर ली थी. 7 जनवरी को दोनों हनीमून पर हरिद्वार आए थे. दोनों एक होटल में ठहरे थे. इसी बीच अंजलि मौका पाकर 50,000 रुपए और जेवरात लेकर भाग गई. पीड़ित युवक ने कोतवाली में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी.
हालांकि इससे पहले कि अंजलि और महावीर वहां से भाग निकलते, दोनों को बस स्टैंड से पकड़ लिया गया. महावीर ने अंजलि को बहन बताकर पीड़ित युवक से मिलवाया था. पुलिस को आशंका है कि दोनों ने पहले भी ऐसे कई फ्रॉड किए होंगे.

