पलामू पहुंची महाराष्ट्र पुलिस ने परिजनों का लिखित बयान लिया
रांची: महाराष्ट्र के पालघर में जिंदा जलाकर मार दिए गए पलामू निवासी नौसैनिक सूरज कुमार दूबे की हत्या की जांच के मामले में पालघर पुलिस दो दिनों से पलामू में है और परिजनों , मित्रों और गांव वालों से अधिक से अधिक जानकारी करने में जुटी है.
सूरज दूबे के बड़े भाई नीरज दूबे ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के इंस्पेक्टर रैंक के दो अधिकारी और चैनपुर थाना पुलिस घर पहुंच कर परिवार वालों का लिखित बयान लिया है. उन्होंने बताया कि अभी महाराष्ट्र पुलिस की टीम पलामू में ही है और जरूरत पड़ने पर आज भी परिजनों से बातचीत करने की बात कही है. नीरज दूबे ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारियों ने घर वारों को यह जानकारी दी कि मामले का जल्द से जल्द उद्भेदन की कोशिश की जा रही है, पालघर पुलिस की टीम इस मामले की जांच के लिए कोयम्बटूर भी गयी थी और वहां से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा शेयर बाजार में निवेश को लेकर डी-मैट खाते के खंगालने में भी जुटी है. उन्होंने जांच एजेंसियों से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और हत्यारों को अदालत के माध्यम से कड़ी से कड़ी सुनाये जाने की मांग की है.
महाराष्ट्र पुलिस की तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को सूरज की मां कालिंदी देवी, भाई नीरज दूबे और बहन आरती तिवारी का बयान लिया. साथ ही सूरज के पिता मिथिलेश दुबे से जानकारी हासिल की. बताया गया है कि पालघर पुलिस ने इस मामले की तह तक जाने के लिए 10 पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 10-10 लोगों की अलग- अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की है. पालघर जिले के एसएसपी दत्तात्रेय शिंदे स्वयं इस मामले की जांच में रुचि ले रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपहर्ता दुबे को चेन्नई से पालघर किस रास्ते लाए थे. नौसैनिक के मोबाइल डिटेल भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने चेन्नई एयरपोर्ट से सीसीटीवी फुटेज भी हासिल कर ली हैं.

