रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारी हार का सामना करना पड़ा है.
विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा 25 सीटों पर सिमट गयी, वहीं झामुमो 30 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, वहीं कांग्रेस को भी 16 सीटें मिली है, जबकि राजद के सिर्फ एक प्रत्याशी चुनाव जीत सके.
झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) प्रमुख बाबूलाल मरांडी भी धनवार विधानसभा सीट से जीत हासिल की, वहीं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने भी सिल्ली में चुनाव जीत कर अपने राजनीतिक वनवास को समाप्त किया जबकि आजसू पार्टी के लंबोदर महतो ने गोमिया विधानसभा सीट से जीत हासिल की.
झाविमो ने पोड़ैयाहाट और मांडर सीट से जीत हासिल की. पोड़ैयाहाट से प्रदीप यादव फिर से चुनाव जीतने में सफल रहे, जबकि मांडर से पूर्व मंत्री बंधु तिर्की चुनाव जीतने में सफल रहे.
वहीं भाकपा-माले के विनोद कुमार सिंह ने बगोदर से चुनाव जीत हासिल की जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कमलेश कुमार सिंह ने हुसैनाबाद सीट से जीत हासिल की.
राजद के सत्यानंद भोक्ता ने चतरा से जीत हासिल की जबकि दो निर्दलीय प्रत्याशी जमशेदपुर पूर्वी से सरयू राय ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को शिकस्त देकर सबको चौंका दिया, वहीं बरकट्ठा से पूर्व विधायक अमित यादव चुनाव जीतने में सफल रहे.