रांची: लद्दाख में भारतीय सीमा पर शहीद हुए अभिषेक कुमार साहू के अंतिम संस्कार के दौरान चान्हो के चोरेया पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष सह मांडर की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, सुरेंद्र मेहता, सतीश साहू, अजय तिवारी, मनोज साहू, हरिनाथ सेन ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
दु:ख की इस घड़ी में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शहीद के परिजन के साथ सदैव खड़ी है. इस मुश्किल वक़्त में मेरी संवेदनाएं शहीद के परिजनों के साथ है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. अभिषेक साहू की शहादत पर पूरे देश को गर्व है. झारखंड के इस वीर सपूत का बलिदान देश कभी भूल नहीं पाएगा. देश के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीद को मेरा शत शत नमन.”
उन्होंने कहा कि चान्हो स्थित चोरेया के शहीद जवान अभिषेक साहू देश की रखवाली के दौरान पहाड़ की चोटी से फिसल कर गिर गए, जहां सुरक्षा हेतु लगाए गये बारूदी सुरंग के चपेट में आ जाने से शहीद हो गए. देश के लिए यह एक बड़ी क्षति है. साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है, यहां के अनेक जाबांजों ने देश की सीमा पर रखवाली करते हुए शहीद हो गए किन्तु देश पर आंच आने नहीं दिया. अभिषेक साहू की सहादत हमेशा याद रखा जाएगा.
शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिये रांची से लेकर उनके गांव तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

