चाईबासा. प्रमंडलीय आयुक्त सिंहभूम (कोल्हान) डॉ मनीष रंजन की अध्यक्षता में आज सारंडा एक्शन प्लान के तहत् बैठक का आयोजन किया गया.
बैठक के उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त के द्वारा जानकारी दी गई कि सारंडा क्षेत्र में सरकार के द्वारा विकास का कार्य किया जा रहा है जिसमें प्रशासन बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहा है तथा विकासात्मक योजना का लाभ सारंडा क्षेत्र में एक- एक व्यक्ति तक कैसे पहुंचे इस पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है. आज के बैठक में निर्देश दिया गया कि सारंडा क्षेत्र के 40 गांव का एक सप्ताह के भीतर सर्वे किया जाएगा कि उनमें कितने घर हैं, कितने परिवार रहते हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि उन्हें कौन-कौन सी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही हैं, तथा कौन-कौन से सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती हैं. सर्वे के पश्चात् उन्हें राशन मुहैया कराया जाएगा. राशन हेतु जिनका पीडीएस डीलर दूर है, उस जगह पर स्वयं सहायता समूह की कुछ महिलाओं को राशन वितरण हेतु लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा ताकि राशन लेने हेतु लोगों को बहुत दूर तक जाना ना पड़े.
बैठक में मुख्य रूप से पुलिस उपमहानिरीक्षक कोल्हान क्षेत्र राजीव रंजन सिंह, जिला उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा अरवा राजकमल, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा इंद्रजीत महाथा, वन प्रमंडल पदाधिकारी सारंडा वन प्रमंडल, अपर उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, सिविल सर्जन पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, मुख्य महाप्रबंधक सेल किरीबुरू, मुख्य महाप्रबंधक मेघाहातु, महाप्रबंधक सेल चिड़िया, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोवामुंडी, अंचल अधिकारी नोवामुंडी तथा अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.